गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश समेत दो बदमाश गोली लगने से घायल!!
बीटा-2 पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, चोरी की अपाचे बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद; दोनों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बीटा-2 पुलिस और चेन स्नैचिंग करने वाले दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। 15 और 16 नवंबर की मध्यरात्रि ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल बदमाशों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू निवासी अलीगढ़ और मोनू निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में गौतमबुद्धनगर में रह रहे थे।
25 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश दीपू उर्फ पप्पू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसका एक अन्य साथी राजेंद्र उर्फ लल्लू को पुलिस ने 7 जून 2026 को मुठभेड़ के दौरान छीनी गई चेन के साथ गिरफ्तार किया था। उस दौरान दीपू उर्फ पप्पू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
वहीं, दूसरा आरोपी मोनू भी शातिर चेन स्नैचर बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह पहले चेन स्नैचिंग के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।
चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सदरपुर, नोएडा से चोरी की गई एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
दोनों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपू उर्फ पप्पू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी मोनू के खिलाफ भी सूरजपुर, ईकोटेक-3, बीटा-2 और अन्य थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, पूर्व की चेन स्नैचिंग की घटनाओं और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय चेन स्नैचिंग करने वाले बदमाशों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।।
