सोमवार, 16 नवंबर 2026

लखनऊ : तंत्र-मंत्र और मृत्यु योग का डर दिखाकर महिला डॉक्टर से 67 लाख की ठगी,केस दर्ज।||Lucknow: A woman doctor was duped of Rs 67 lakh by threatening her with tantra-mantra and death yoga; a case has been registered.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
तंत्र-मंत्र और मृत्यु योग का डर दिखाकर महिला डॉक्टर से 67 लाख की ठगी,केस दर्ज।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में रहने वाले डाक्टर के
 घर में दुष्ट आत्माओं का साया और पति-बच्चों पर मृत्यु योग होने का भय दिखाकर एक महिला डॉक्टर को मानसिक रूप से अपने जाल में फंसाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर आरोपी मां-बेटे ने महिला डॉक्टर से 67 लाख 17 हजार 590 रुपये ऐंठ लिए। शिकायत के बाद 20 लाख रुपये वापस किए, जबकि शेष 47 लाख 17 हजार 590 रुपये मांगने पर पूरे परिवार को जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप है।
विस्तार :
 थाना पीजीआई क्षेत्र की वृंदावन आवास विकास कॉलोनी निवासी डॉ. अंशु श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर उन्नाव के कालूखेड़ा निवासी सुरेंद्र और उसकी मां बिटाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक, दोनों ने घर में दुष्ट आत्माओं का प्रवेश होने और पति, बच्चों सहित पूरे परिवार पर मृत्यु योग होने की बात कहकर उन्हें डरा दिया। अनहोनी टालने और परिवार की सलामती के नाम पर पूजा-पाठ व तंत्र-मंत्र कराने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूली।
आरोप है कि परिवार पर संकट आने के डर से महिला डॉक्टर ने विभिन्न बैंकों से पर्सनल लोन लेने के साथ अपनी मां का मकान तक बंधक रख दिया और आरोपियों के बताए बैंक खातों में नकद, बैंक ट्रांसफर और यूपीआई के जरिए कुल 67,17,590 रुपये दे दिए। यह रकम उन्होंने पति और परिवार को बिना बताए ट्रांसफर की।
मामले की जानकारी पति को होने पर उन्होंने आरोपियों से रकम वापस मांगी और पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद 21 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने महिला के खाते में 15 लाख और पांच लाख रुपये, कुल 20 लाख रुपये वापस कर दिए। शेष रकम छह मई तक लौटाने का वादा किया, लेकिन निर्धारित तारीख पर भुगतान से मुकर गए।
पीड़िता का आरोप है कि शेष 47,17,590 रुपये मांगने और पुलिस में शिकायत करने पर आरोपी ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मरवाने की धमकी दी। धमकी के बाद पूरा परिवार दहशत में है। पीड़िता ने बैंक ट्रांजेक्शन, व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंपा है।
पीजीआई पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक महिला डॉक्टर की शिकायत पर उन्नाव निवासी सुरेंद्र और उसकी मां बिटाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।