सोमवार, 2 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा: मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल, दो साथी गिरफ्तार; लिफ्ट के बहाने करते थे लूटपाट!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा: मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल, दो साथी गिरफ्तार; लिफ्ट के बहाने करते थे लूटपाट!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान भागने लगे थे चारों आरोपी, पुलिस पर की फायरिंग; दो तमंचे, कारतूस, चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद

दो टूक//नोएडा, 2 नवंबर 2026। नोएडा में थाना सेक्टर-63 पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 1 और 2 नवंबर की मध्यरात्रि थाना सेक्टर-63 पुलिस की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल तेजी से मोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान बहलोलपुर अंडरपास से आगे ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर बदमाशों ने खुद को पुलिस से घिरा देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

घायल बदमाशों की पहचान विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (27 वर्ष), निवासी मीठापुर, दिल्ली और राजेश उर्फ ढेडा (38 वर्ष), निवासी बसई, थाना फेस-3, नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

कांबिंग के दौरान दो अन्य साथी गिरफ्तार

मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने इलाके में कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान फरार हुए दो अन्य आरोपियों शंकर शर्मा (20 वर्ष), निवासी ग्राम सुत्याना, थाना ईकोटेक-3 और कपिल कश्यप (20 वर्ष), निवासी ग्राम बसई, थाना फेस-3, नोएडा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने घायल आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जो थाना फेस-3 में दर्ज मुकदमा संख्या 395/2025 से संबंधित बताई गई है।

वहीं, गिरफ्तार किए गए अन्य दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमा संख्या 526/2025 से संबंधित बताई गई है।

लिफ्ट देने के बहाने लोगों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। आरोप है कि ये लोग आम नागरिकों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी पर बैठा लेते थे और इसके बाद उनके साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। वारदात के बाद पीड़ितों को सुनसान रास्तों पर छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

विकास और राजेश पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल विकास उर्फ कालू के खिलाफ नोएडा के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 22 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना सेक्टर-20, सेक्टर-39, फेस-2, फेस-3, ईकोटेक-3 और नॉलेज पार्क के मामले शामिल हैं।

वहीं, दूसरे घायल आरोपी राजेश उर्फ ढेडा के खिलाफ भी लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 18 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उसके खिलाफ थाना फेस-3, सेक्टर-39, सेक्टर-58, सेक्टर-24 और बिसरख में मामले दर्ज हैं।

शंकर और कपिल का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शंकर शर्मा के खिलाफ थाना ईकोटेक-3 में चोरी और बरामदगी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2023 से लेकर 2025 तक के करीब 10 मुकदमों का विवरण सामने आया है।

वहीं, कपिल कश्यप के खिलाफ दिल्ली के धौला कुआं थाने में दर्ज मुकदमे सहित थाना सेक्टर-63 में दर्ज मुकदमे का विवरण सामने आया है।

पुलिस खंगाल रही आरोपियों का आपराधिक नेटवर्क

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इनके द्वारा पूर्व में की गई लूटपाट की अन्य घटनाओं, आपराधिक संपर्कों और बरामद मोटरसाइकिलों से संबंधित मामलों की भी जांच कर रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई में दो आरोपियों का घायल होना और दो अन्य की गिरफ्तारी से लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाले कथित गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।।