लखनऊ :
पुलिस ने आपरेशन लंगड़ा के तहत
रेहान हत्याकांड का चाकू बाज को किया गिरफ्तार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सआदतगंज में दूध विक्रेता रेहान गाजी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या करने वाले मुख्य नामजद आरोपी हुजैफा को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। रविवार देर रात दुबग्गा थाना क्षेत्र में पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में जा लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, हत्या में इस्तेमाल चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक बीते शनिवार की रात 31 अक्टूबर 2026 को सआदतगंज थाना क्षेत्र के रामनगर, कैम्पवेल रोड, बालागंज में रेहान गाजी की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद सआदतगंज थाने में मु0अ0सं0 0257/2026 के तहत बीएनएस की धारा 191(2), 352 और 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
इसी बीच एक नवंबर की रात करीब 10:45 बजे दुबग्गा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का मुख्य नामजद आरोपी क्षेत्र में मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने आम्रपाली चौकी क्षेत्र के पावर हाउस के पीछे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध युवक भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में जा लगी। घायल होकर गिरते ही पुलिस टीम ने उसे घेरकर दबोच लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान उजैफा उर्फ मोहम्मद हुजैफा पुत्र परवेज अहमद निवासी गुलाब की बगिया, मोहज्जम नगर, अंबरगंज/यासीनगंज, थाना सआदतगंज के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वह रेहान गाजी हत्याकांड का मुख्य नामजद और वांछित आरोपी है।
◆दोस्ती के बीच चाकू से किया था जानलेवा हमला।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे सआदतगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित अंबेडकर पार्क के पास रेहान पर चाकू से हमला किया गया था। आरोप है कि उजैफा ने अपने दोस्त रेहान के गले पर चाकू से वार कर दिया था। गंभीर रूप से घायल रेहान को तत्काल केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसके भागने का वीडियो भी सामने आया था।
तीन मुकदमों में दर्ज है आरोपी का नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आलमबाग थाने में वर्ष 2022 का चोरी के माल से संबंधित मुकदमा, हसनगंज थाने में लूट एवं चोरी से संबंधित मुकदमा और वर्ष 2025 में ठाकुरगंज थाने में मारपीट व धमकी से संबंधित मुकदमा शामिल है।
◆तमंचा, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
◆DCP बेस्ट जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की बाइट - -
