गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, बकरा चोरी गैंग का शातिर सदस्य पैर में गोली लगने से घायल; 15 मुकदमों में रहा है शामिल!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के थाना जारचा पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच रविवार को प्यावली डैम के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बकरा चोरी करने वाले संगठित गैंग का एक सदस्य पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी के बकरे बेचकर प्राप्त किए गए 7,560 रुपये बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को थाना जारचा पुलिस की टीम प्यावली डैम के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर तेजी से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो खुद को घिरता देख एक बदमाश मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम जगन्नाथपुर, थाना गुन्नौर, जनपद संभल, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
मोटरसाइकिल से करते थे रेकी, रात में चार पहिया वाहन से चुराते थे बकरे
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घायल आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर बकरा चोरी करने वाला एक संगठित गैंग संचालित करता था। गैंग के सदस्य मोटरसाइकिल से अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर उन स्थानों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में बकरे रखे जाते थे। इसके बाद रात के समय चार पहिया वाहन से मौके पर पहुंचकर बकरों को चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए बकरों को दिल्ली में बेच दिया जाता था और बिक्री से प्राप्त रकम गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, इस गैंग ने गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल सहित दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में बकरा चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस को आरोपी के संबंध में अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।
15 आपराधिक मुकदमों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार घायल आरोपी कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, अवैध हथियार, गोवध और आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें बुलंदशहर, बदायूं, कासगंज, संभल और गौतमबुद्धनगर के मामले शामिल हैं।
गौतमबुद्धनगर के थाना जारचा में भी आरोपी के खिलाफ वर्ष 2026 में चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2015 से 2025 के बीच विभिन्न जनपदों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं।
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल सहित फरार हो गया। पुलिस टीम उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस फरार आरोपी की पहचान और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में हुई बकरा चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।
बरामदगी:
- एक अवैध तमंचा .315 बोर।
- एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस।
- चोरी के बकरे बेचकर प्राप्त 7,560 रुपये।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके साथियों के संबंध में आगे की जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।।
