शनिवार, 7 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-58 पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को दबोचा, 1.7 किलो गांजा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-58 पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को दबोचा, 1.7 किलो गांजा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-58 नोएडा पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपी की पहचान लवकुश पुत्र जियालाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से क्षेत्र में अपराधियों एवं नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छोटा डी पार्क, सेक्टर-62 नोएडा से आरोपी लवकुश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी लवकुश मूल रूप से ग्राम वाजिदपुर, थाना नवाबगंज, जिला आजमगढ़ का निवासी है। वर्तमान में वह खोड़ा कॉलोनी, थाना खोड़ा, जिला गाजियाबाद में रह रहा था। आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में थाना दीदारगंज, जिला आजमगढ़ में वर्ष 2024 में बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख है। इसके अलावा थाना सेक्टर-58 नोएडा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत वर्ष 2026 में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। नोएडा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और उसकी तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।।