गुरुवार, 5 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: गांजा तस्करी में बार-बार पकड़ा जा चुका आरोपी फिर गिरफ्तार, 3 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गांजा तस्करी में बार-बार पकड़ा जा चुका आरोपी फिर गिरफ्तार, 3 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

थाना सेक्टर-126 पुलिस की कार्रवाई, सात मुकदमों में दर्ज है आरोपी का आपराधिक इतिहास; थाना प्रभारी सुमनेश के नेतृत्व में पुलिस टीम को मिली सफलता

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-126 पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 4/5 नवंबर 2026 को थाना सेक्टर-126 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को ग्राम असगरपुर से ग्राम गढ़ी की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जितेन्द्र उर्फ जीतू उर्फ मच्छर पुत्र विजेन्द्र, निवासी ग्राम असगरपुर, सेक्टर-128, नोएडा, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से 3 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

सात मुकदमों में दर्ज है आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 से 2026 के बीच आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना एक्सप्रेसवे में वर्ष 2021 का एक मुकदमा, जबकि थाना सेक्टर-126 में वर्ष 2022 से 2026 तक आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 और 2025 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 तथा वर्ष 2026 में भी इसी धारा के तहत मुकदमा दर्ज होने का विवरण पुलिस ने दिया है।

नशे के कारोबार पर पुलिस की निगरानी

थाना सेक्टर-126 प्रभारी सुमनेश के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद गांजा कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।