गौतमबुद्धनगर: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन कराने का विशेष मौका, 28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर चलेगा अभियान!!
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नए मतदाता बनवाने के साथ नाम कटवाने और त्रुटियां ठीक कराने की भी मिलेगी सुविधा
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मताधिकार से जोड़ने के उद्देश्य से 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों नोएडा, दादरी और जेवर के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं पदाभिहित अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। नागरिक इस दौरान मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने अथवा अपात्र प्रविष्टियों को हटवाने के लिए निर्धारित प्रपत्र जमा कर सकेंगे।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को जनपद के 61-नोएडा, 62-दादरी और 63-जेवर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों पर संबंधित बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी निर्धारित समय तक मौजूद रहेंगे। ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर नया मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसी प्रकार मतदाता सूची में दर्ज किसी मृतक, डुप्लीकेट अथवा स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 जमा किया जा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संशोधन कराने तथा निवास स्थान बदलने की स्थिति में फॉर्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कराया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
निर्वाचन विभाग की ओर से नागरिकों को ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत मतदाता ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 28 और 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित प्रपत्र भरकर समय रहते सुधार कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)