गुरुवार, 5 नवंबर 2026

लखनऊ : प्लाट के नाम पर 16.21 लाख की प्रापर्टी डिलर पर धोखाधड़ी का आरोप केस दर्ज।।||Lucknow: A case has been filed against a property dealer for fraud worth Rs 16.21 lakh in the name of a plot.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
प्लाट के नाम पर 16.21 लाख की प्रापर्टी डिलर पर धोखाधड़ी का आरोप केस दर्ज।।
दो टूक :  लखनऊ के थाना पीजीआई में एक महिला पीडिता ने तहरीर देते हुए प्रापर्टी डिलर पर आरोप लगाया कि जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर हड़प लिया गया है।
मामले में डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 विस्तार : 
जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी प्रतिमा श्रीवास्तव पत्नी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 जून 2025 को जितेंद्र कुमार यादव ने रणधीर सिंह से उनके नाम पर 1000 वर्गफुट जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। इसके एवज में ऑनलाइन भुगतान और दो अलग-अलग व्यक्तियों के नाम जारी चेक के माध्यम से कुल 16,21,101 रुपये लिए गए। आरोप है कि बाद में खतौनी की जांच कराने पर उनके नाम केवल 150 वर्गफुट जमीन दर्ज मिली।
पीडिता की तहरीर के मुताबिक इस संबंध में जितेंद्र कुमार यादव से बात करने पर उन्होंने रजिस्ट्री सहित कुल 18 लाख रुपये वापस करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद 2 जनवरी 2026 को उनके खाते में चार लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भेजे गए, लेकिन शेष 14 लाख रुपये अब तक वापस नहीं किए गए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार तारीख पर तारीख देकर भुगतान टालता रहा।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि हाल ही में पीजीआई थाना प्रभारी के समक्ष रुपये लौटाने का बयान देने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इससे वह और उनका परिवार आर्थिक व मानसिक परेशानी से गुजर रहा है।
पीड़िता की शिकायत पर डीसीपी दक्षिणी को सीधे प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।।