शनिवार, 14 नवंबर 2026

मऊ : 16 नवंबर से शुरू होगा स्वगणना अभियान,1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक।।||Mau: The self-census campaign will begin on November 16th, and enumerators will visit every home from December 1st.||

शेयर करें:
मऊ : 
16 नवंबर से शुरू होगा स्वगणना अभियान,1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक।।
दो टूक : मऊ जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने शनिवार देर शाम कैंप कार्यालय स्थित सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना अभियान चलाया जाएगा, जबकि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्वगणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में आमजन को जागरूक करने का निर्देश दिया। इसके लिए सरकारी कार्यालयों, छठ पूजा घाटों और प्रमुख चौराहों पर बैनर लगाने के साथ जरूरत के अनुसार जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
डीएम ने कहा कि स्वगणना के दौरान ही लगभग 25 प्रतिशत कार्य पूरा कराने का लक्ष्य रखा जाए, ताकि मुख्य जनगणना के समय प्रगणकों को सहूलियत मिल सके। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को प्रतिदिन अभियान की मॉनिटरिंग करने और प्रत्येक प्रगणक के माध्यम से प्रतिदिन कम से कम चार से पांच परिवारों की स्वगणना कराने का प्रयास करने को कहा।
स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा अभियान से
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को स्वगणना की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाए। विद्यार्थियों को भी इसकी जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने परिवार की स्वगणना स्वयं कर सकें। प्रत्येक विद्यार्थी के परिवार की स्वगणना सुनिश्चित कराने और संबंधित प्रधानाचार्य से प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं, जिला पंचायत राज अधिकारी को पंचायत सहायकों के माध्यम से अभियान में सहयोग लेने तथा उनके नाम और मोबाइल नंबर की सूची तैयार रखने को कहा गया। सभी विभागाध्यक्षों को अपने यहां कार्यरत सरकारी, आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मचारियों की स्वगणना अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर एफआईआर और जेल की चेतावनी
बैठक में जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जनगणना एवं निर्वाचन से जुड़े कार्य राष्ट्रीय महत्व के हैं। इनमें लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। कुछ मामलों में दोषी कार्मिकों को जेल भी जाना पड़ सकता है। उन्होंने जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों की छुट्टियां स्वीकृत नहीं करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को सुपरवाइजरों और प्रगणकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया, ताकि प्रतिदिन की प्रगति पर नजर रखी जा सके और जरूरी दिशा-निर्देश तत्काल पहुंचाए जा सकें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित उच्च अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय और पूरी सक्रियता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में जनगणना का कार्य पूरा कराने का आह्वान किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, तकनीकी सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।