शनिवार, 14 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की गांजा तस्करों पर कार्रवाई, 4.7 किलो गांजे के साथ 25 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की गांजा तस्करों पर कार्रवाई, 4.7 किलो गांजे के साथ 25 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

कलौंदा तिराहे के पास से पुलिस ने आरोपी को दबोचा, एनडीपीएस एक्ट समेत तीन आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जारचा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को थाना जारचा पुलिस टीम को गांजा तस्करी के संबंध में गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कलौंदा तिराहे के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपी आफाक पुत्र मुन्नू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आफाक (करीब 25 वर्ष) पुत्र मुन्नू निवासी ग्राम कलौंदा, थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में मु0अ0सं0 200/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना जारचा में पूर्व में मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में वर्ष 2024 में धारा 323/504/506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2025 में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।।