गौतमबुद्धनगर: सहायक अध्यापक चयन परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 14 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच होगी परीक्षा!!
3 दिसंबर को दो पालियों में आयोजित होगी लिखित परीक्षा, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट को सौंपी गई जिम्मेदारी
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 28 नवंबर 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर में सहायक अध्यापक चयन परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के निर्देशानुसार जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर आगामी 3 दिसंबर 2026 को लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। दोनों पालियों के लिए परीक्षा की अवधि 120-120 मिनट निर्धारित की गई है।
हर परीक्षा केंद्र पर रहेगी प्रशासनिक निगरानी
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों का परीक्षा से पूर्व निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों के प्रवेश, सघन तलाशी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं और आयोग की ओर से निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
केंद्रों का पहले होगा निरीक्षण, वैकल्पिक मार्गों की भी रहेगी जानकारी
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित करें। कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक कर उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। इसके अलावा सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। परीक्षा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हो और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
बैठक में कार्यकारी संस्था के जितेंद्र त्यागी ने उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने की प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं विभिन्न परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक उपस्थित रहे।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)