गुरुवार, 12 नवंबर 2026

लखनऊ : छठ पर्व पर रोडवेज ने कसी कमर 13 से 17 नवंबर तक करेगा अतिरिक्त बसों का संचालन।।||Lucknow:The Roadways department has geared up for the Chhath festival, with plans to operate additional buses from November 13 to 17.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
छठ पर्व पर रोडवेज ने कसी कमर 13 से 17 नवंबर तक करेगा अतिरिक्त बसों का संचालन।।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक :  दीपावली के दौरान उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। छह दिनों में एक करोड़ से अधिक लोगों ने निगम की बसों से सफर किया। यात्रियों की इस बढ़ती संख्या को देखते हुए अब छठ पर्व पर भी परिवहन निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 13 से 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसों का संचालन करने और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार : 
परिवहन मंत्री ने बताया कि दीपावली के दौरान छह दिनों में एक करोड़ से अधिक यात्रियों ने परिवहन निगम की बसों से यात्रा की। छह नवंबर को 18.06 लाख, सात नवंबर को 16.72 लाख, आठ नवंबर को 17.36 लाख, नौ नवंबर को 14.12 लाख, दस नवंबर को 16.42 लाख और 11 नवंबर को 19.45 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया।
छठ पर्व पर पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए परिवहन निगम को विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा लखनऊ और कानपुर नगर से भी अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश से दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी क्षेत्रों के लिए प्रारंभिक प्वाइंट पर 60 प्रतिशत से अधिक यात्री लोड मिलने पर अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जाएंगी।
परिवहन मंत्री ने निगम की सभी बसों को शत-प्रतिशत ऑनरोड रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में अनफिट बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। बसों की मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता और तकनीकी फिटनेस सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है।
उन्होंने पर्व अवधि में अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर भी प्रतिबंध लगाने तथा ड्यूटी रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। बस स्टेशनों और बसों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, डिजिटल समय सारिणी और सहायता केंद्र उपलब्ध कराने को कहा गया है।
सुरक्षित यात्रा के लिए प्रवर्तन दलों को सक्रिय रहकर जांच करने तथा सभी चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अनुबंधित बसों के स्वामियों को भी मरम्मत कराकर बसें संचालन के लिए उपलब्ध कराने को कहा गया है।
वहीं, प्रबंध निदेशक ने बताया कि निर्धारित औसत किलोमीटर के अनुसार प्रतिदिन बसों का संचालन करने वाले चालकों और परिचालकों को विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसमें संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारी भी शामिल हैं। पात्र कर्मचारियों को 400 रुपये प्रतिदिन की दर से एकमुश्त विशेष प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।