गुरुवार, 12 नवंबर 2026

गोण्डा- जयप्रभा ग्राम में रामकथा को लेकर आयोजक महंत आलोक दास जी महाराज ने की अपील

शेयर करें:
गोण्डा।
इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र के जय प्रभा ग्राम में 17 नवम्बर से आयोजित होने वाली राम कथा को लेकर आयोजक महंत आलोक दास जी महाराज (अध्यक्ष श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट) ने भक्तों से खास अपील किया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा महोत्सव में ट्रस्ट द्वारा किसी से कोई भी चंदा नहीं लिया जा रहा है। अगर कोई यह कृत्य कर रहा है तो ऐसे दुष्टों से आप सभी सावधान रहें। किसी भी बहकावे में आप लोग ना आए। यदि किसी प्रकार की कोई समस्या है तो आप लोग ट्रस्ट के मोबाइल नंबर पर सूचना दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा इस सम्पूर्ण कथा को लेकर कोई भी चंदा नहीं इकट्ठा किया जा रहा है। गौरतलब है कि इटियाथोक क्षेत्र अंतर्गत जयप्रभा ग्राम में 17 से 25 नवंबर तक भव्य श्रीराम कथा होना है।
कथा व्यास के रूप में यहां पूज्य राजन जी महराज को आमंत्रित किया गया है। कथा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। ट्रस्ट द्वारा मीडिया को बताया गया कि कथा के पहले दिन यानी 17 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और योग गुरु बाबा रामदेव इसमे शामिल होंगे। वहीं 20 नवम्बर को सीएम योगी का आगमन इस कथा में प्रस्तावित है। कथा स्थल पर दिन रात काम चल रहा है और करीब ढाई लाख लोगों के लिए मनमोहक पंडाल बन रहा है।

---इनसेट----
धर्म और अध्यात्म
की पावन धरा गोण्डा जिले के जयप्रभा ग्राम में आगामी 17 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। यह कथा श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट और श्री चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत आलोक दास जी महाराज के मार्ग दर्शन में आयोजित होगी। इसमे अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक राजन जी महाराज अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम की महिमा का रसपान कराएंगे। महंत आलोक दास जी महाराज ने पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के योग गुरु स्वामी रामदेव के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें निमंत्रण पत्र देकर कथा हेतु निमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री ने 20 नवंबर को श्रीराम कथा महोत्सव में आने का उन्हें आश्वासन दिया है। वहीं इस कथा में योग गुरु स्वामी रामदेव, अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. धीरेंद्र शास्त्री, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि जी महाराज, परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के चिदानंद सरस्वती, जगतगुरु शंकराचार्य संतोषदास जी महाराज उर्फ सतुआ बाबा एवं राम बल्लभ कुंज के पीठाधीश्वर अनंतराम शंकरदास वेदांती जी महाराज सहित अयोध्या धाम के प्रमुख साधु- संतों को भी निमंत्रण भेजा गया गया है।
बता दें कि यह भव्य धार्मिक आयोजन गोण्डा जिले के विकास खण्ड इटियाथोक  अंतर्गत स्थित जयप्रभा ग्राम के चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित होगा, 17 नवम्बर से शुरु होने वाली इस कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं। कथा समापन के बाद 26 व 27 नवंबर को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 28 नवंबर को सुबह आठ बजे से  विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। श्रीराम कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी मुस्तैद है।।
(गोण्डा से प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट)