शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

गोण्डा- साइबर जागरूकता माह अक्टूबर के अंतिम दिवस पर UPI एवं QR कोड के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचाव हेतु जनपदवासियों को किया गया जागरूक

शेयर करें:
गोण्डा- साइबर जागरूकता माह अक्टूबर का शनिवार को अंतिम दिवस रहा। इस अवसर पर जनपदीय साइबर सेल द्वारा आजके जागरूकता विषय के रूप में UPI एवं QR कोड के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचाव को चयनित करते हुए जनपदवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साइबर सेल द्वारा बताया गया कि ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी भी QR कोड को स्कैन न करें, क्योंकि QR कोड स्कैन करने पर सामान्यतः धनराशि प्राप्त नहीं होती बल्कि खाते से भुगतान हो सकता है। किसी व्यक्ति द्वारा पैसा भेजने के नाम पर QR कोड स्कैन करने, UPI PIN डालने अथवा OTP बताने के लिए कहा जाए तो ऐसा कदापि न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ UPI PIN, OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, CVV, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। ऑनलाइन भुगतान करने से पूर्व प्राप्तकर्ता का नाम, मोबाइल नम्बर/UPI ID एवं भुगतान की राशि की भली-भांति जांच कर लें। साइबर अपराधियों द्वारा भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप डाउनलोड करने या किसी व्यक्ति को मोबाइल का स्क्रीन शेयर/रिमोट एक्सेस देने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं तथा तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं और cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करें, जिससे ठगी की धनराशि को समय रहते रोकने की कार्रवाई की जा सके। जनपदीय साइबर सेल द्वारा आमजन से अपील की गई कि स्वयं जागरूक रहें, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाएं तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी UPI एवं QR कोड से होने वाली साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करें।