गौतमबुद्धनगर: सरदार पटेल जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश, कलाकारों ने बांधा समां !!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 31 अक्टूबर 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। MY Bharat, गौतमबुद्धनगर कार्यालय की ओर से पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोककला, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकगायक मन्नू तंवर, जयवीर भाटी एवं खुशी मौर्य ने अपनी सांस्कृतिक और लोकगीत प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कलाकार ब्रह्मपाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जयवीर भाटी एवं ब्रह्मपाल नागर द्वारा नशामुक्त युवा विषय पर प्रस्तुत किया गया समर्पित गीत रहा। गीत के माध्यम से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं एवं कलाकारों ने अपने संदेश में कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं देश के विकास में होना चाहिए। नशामुक्त समाज, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता ही विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार हैं। युवाओं को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान MY Bharat के उप निदेशक ने सभी कलाकारों को उनकी कला, प्रतिभा और सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस सम्मान के माध्यम से कलाकारों के सांस्कृतिक योगदान की सराहना की गई।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अतुलनीय योगदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से परिचित कराना था। इसके साथ ही युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक समरसता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नशामुक्ति के संदेश के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।।
