सुल्तानपुर :
ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,मचा हड़कंप।।
दो टूक : सुल्तानपुर जनपद के अण्डनगर थाना क्षेत्र के पतजूपहाड़पुर गांव में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन शुरू कर दी है।
विस्तार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर निवासी दीपक पुत्र जयश्री शुक्रवार रात अपनी तबीयत बिगड़ने पर ससुराल पतजूपहाड़पुर पहुंचे थे। वह राम बुझारथ के यहां आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 11 बजे परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी अखण्डनगर ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा के निर्देश पर उपनिरीक्षक हैदर अली सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की आवश्यक कार्रवाई की।
इस्पेक्टर धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। चिकित्सक की सूचना के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
