शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

अम्बेडकरनगर :जलालपुर में प्रतिमा विसर्जन को लेकर अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण।Ambedkar Nagar:Officials inspected the ghats in Jalalpur for idol immersion.||

शेयर करें:
अम्बेडकरनगर :
जलालपुर में प्रतिमा विसर्जन को लेकर अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण।
।।ए.के. चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकर नगर जनपद के जलालपुर में नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की भक्ति और उत्साह का माहौल है। श्री शीतला माता मंदिर के सामने जौकाबाद स्थित जय मां भवानी दुर्गा पूजा समिति की ओर से अध्यक्ष शशांक पाठक के नेतृत्व में मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया गया है। यहां मां आदिशक्ति शेरावाली की दिव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं, समाजसेवी अवधेश पाठक की ओर से भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
दूसरी ओर, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी सतर्क है। एसडीएम धर्मेन्द्र सिंह और सीओ अनूप कुमार सिंह ने जलालपुर-वाजिदपुर स्थित बड़े पुल के नीचे और उर्दू बाजार के छोटे पुल सहित विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, विसर्जन मार्ग और विसर्जन स्थलों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित लोगों को निर्देश दिए कि विसर्जन से पहले सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल, कोतवाल अजय प्रताप यादव, ईओ अरविंद कुमार, जिला उपाध्यक्ष देवेश मिश्र और विकास निषाद मौजूद रहे। संदीप अग्रहरि ने घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा कस्बे में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व नगर अध्यक्ष मानिक चंद सोनी, आशीष सोनी, प्रह्लाद शर्मा, सोनू गौड़, सोनू गुप्ता और शिवम आर्या समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।