गौतमबुद्धनगर: PCS मुख्य परीक्षा-2026 में सफल अभ्यर्थियों का मॉक इंटरव्यू, विशेषज्ञों ने दिए सफलता के टिप्स!!
दो टूक//नोएडा, 6 अक्टूबर 2026। पीसीएस मुख्य परीक्षा-2026 में सफल अभ्यर्थियों को आगामी साक्षात्कार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार को सेक्टर-37 नोएडा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय के अभ्युदय केंद्र में मॉक साक्षात्कार का आयोजन किया गया। राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग सेंटर, निजामपुर हापुड़ के मुख्य परीक्षा-2026 में उत्तीर्ण 8 अभ्यर्थियों ने मॉक इंटरव्यू में हिस्सा लिया।
यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देशों के क्रम में किया गया। मॉक साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों को वास्तविक इंटरव्यू की प्रक्रिया, प्रश्नों के जवाब देने की शैली और प्रभावी तरीके से अपनी बात रखने का अभ्यास कराया गया।
मॉक साक्षात्कार बोर्ड की अध्यक्षता उप निदेशक, समाज कल्याण, मेरठ मंडल सुनीता यादव ने की। बोर्ड में मो. मुस्ताक, उप निदेशक एवं आईएएस/पीसीएस कोचिंग सेंटर हापुड़, उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर सतीश कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी गौतमबुद्धनगर आशीष सिंह तथा जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गौतमबुद्धनगर ज्योति रानी शामिल रहीं।
विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर उनके ज्ञान, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और परिस्थितियों के अनुरूप जवाब देने की क्षमता का आकलन किया। इस दौरान अभ्यर्थियों को यह भी समझाया गया कि साक्षात्कार के दौरान सवालों का जवाब किस प्रकार संतुलित, स्पष्ट और प्रभावी ढंग से दिया जाए।
मॉक साक्षात्कार के बाद प्रत्येक अभ्यर्थी को उसके प्रदर्शन के संबंध में व्यक्तिगत फीडबैक दिया गया। विशेषज्ञों ने उनकी कमियों को चिन्हित करते हुए उनमें सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए, ताकि वास्तविक पीसीएस साक्षात्कार में अभ्यर्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
आयोजन का उद्देश्य अभ्यर्थियों में साक्षात्कार को लेकर आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें वास्तविक चयन प्रक्रिया के लिए मानसिक रूप से तैयार करना रहा। इस दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय अभ्युदय केंद्र के संरक्षक गणेश जाटव का भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।।
