मऊ :
नक्कटैया और मारीच वध के आयोजन को लेकर पुलिस अलर्ट।
●दो टूक : आगामी त्योहारों दुर्गा पूजा, रामलीला, दशहरा को लेकर ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को किया गया ब्रीफ,सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर, संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी के निर्देश।
विस्तार :
दुर्गा पूजा, दशहरा और नक्कटैया व मारीच वध के आयोजनों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मऊ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में गुरुवार को क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह ने थानाध्यक्ष दक्षिण टोला, थानाध्यक्ष रानीपुर और महिला थानाध्यक्ष के साथ आयोजन में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक कर उन्हें ब्रीफ किया। इस दौरान उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित इस ब्रीफिंग में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि नक्कटैया और मारीच वध जैसे आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की भीड़ जुटती है। ऐसे में सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखें।
यातायात व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा महिला सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि नक्कटैया और मारीच वध का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
