मऊ :
फार्म-7 से मतदाता का नाम हटाने के लिए झूठी शिकायत पर होगी सख्त कार्रवाई।।
●गलत घोषणा देने पर जुर्माना या कारावास भुगतना पड़ सकता है।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक: मऊ निर्वाचक नामावली से किसी मतदाता का नाम हटवाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से झूठी शिकायत करना या जानबूझकर गलत जानकारी देना संबंधित व्यक्ति को भारी पड़ सकता है। जांच में शिकायत झूठी या मनगढ़ंत पाए जाने पर संबंधित आवेदक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत दोष सिद्ध होने पर एक वर्ष तक के कारावास, जुर्माने अथवा दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है।
विस्तार :
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं को आगाह किया है कि निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने या हटाने के लिए आवेदन करते समय सही तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर ही जानकारी दें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। विशेष रूप से फार्म-7 के जरिए किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए आने वाले आवेदनों की जांच में तथ्यों की सत्यता पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के अंतर्गत निर्वाचक नामावली की तैयारी, पुनरीक्षण या शुद्धि तथा किसी प्रविष्टि को शामिल करने अथवा हटाने के संबंध में जानबूझकर झूठा कथन करना या लिखित रूप में मिथ्या घोषणा देना दंडनीय अपराध है। यदि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) की जांच में फार्म-7 के माध्यम से की गई शिकायत झूठी या मनगढ़ंत पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
फार्म-7 भरते समय आवेदक को यह घोषणा करनी होती है कि उसके द्वारा दी गई जानकारी उसकी सर्वोत्तम जानकारी और विश्वास के अनुसार सत्य है। इसलिए आवेदन में गलत तथ्य देना या जानबूझकर मिथ्या घोषणा करना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।
निर्वाचन अधिकारियों को ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई से संबंधित कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया है।
मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए बिना उचित आधार के झूठी शिकायत न करें। आवेदन करने से पहले संबंधित तथ्यों की पुष्टि करें और सही जानकारी ही प्रस्तुत करें। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए।
