मऊ :
ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में मिला अज्ञात युवक का शव, शिनाख्त के बाद परिजनों को दी गई सूचना।
दो टूक : मऊ रेलवे जंक्शन पर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 19045) के जनरल कोच में शौचालय के पास एक युवक अचेतावस्था में पाया गया। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मिले दस्तावेजों और मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान रवि पुत्र नंदलाल, निवासी खजुरिया गौरा बाजार, थाना कोतवाली सदर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को जीआरपी को एक मेमो प्राप्त हुआ था, जिसमें ट्रेन के जनरल डिब्बे में एक यात्री के अचेत होने की बात कही गई थी। शुरुआती तौर पर यात्री का नाम बबलू, निवासी कसया पडरौना चर्चा में आया था। हालांकि, तलाशी के दौरान मृतक के पास से उधना से वाराणसी तक का एक रेल टिकट, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की पासबुक और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। इन दस्तावेजों और मोबाइल की गहनता से जांच करने पर मृतक की वास्तविक पहचान गाजीपुर निवासी रवि के रूप में स्थापित हुई।
रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के शव को जिला अस्पताल मऊ के चीरघर (मर्चुरी) में सुरक्षित रखवा दिया है। घटना की आधिकारिक सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, परिजनों के मऊ पहुंचने पर नियमानुसार पंचायतनामा (शव पंचनामा) और पोस्टमार्टम की आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
