मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: 17 अक्टूबर को तीनों तहसीलों में लगेगा स्पेशल पिंक समाधान दिवस, महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता पर होगा निस्तारण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 17 अक्टूबर को तीनों तहसीलों में लगेगा स्पेशल पिंक समाधान दिवस, महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता पर होगा निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिलाओं को मिलेगा समस्याओं के समाधान का विशेष मंच, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी होगा आयोजन

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 13 अक्टूबर 2026।

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर जनपद की तीनों तहसीलों में आगामी 17 अक्टूबर को स्पेशल पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाले तहसील समाधान दिवस को ‘स्पेशल पिंक समाधान दिवस/मिशन शक्ति तहसील दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए एक सुलभ एवं प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही, महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

महिलाओं की समस्याओं के लिए स्थापित होगी पिंक हेल्प डेस्क

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्पेशल पिंक समाधान दिवस के दौरान महिलाओं की सहायता के लिए विशेष पिंक हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायतों और समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगी। अधिकारियों को महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और जरूरतमंद महिलाओं को समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। स्पेशल पिंक समाधान दिवस इसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से महिलाओं को प्रशासन से सीधे संवाद करने और अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर मिलेगा।

नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी मिलेगा लाभ

महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्पेशल पिंक समाधान दिवस के अवसर पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में महिलाएं अपनी स्वास्थ्य संबंधी जांच नि:शुल्क करा सकेंगी और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समय पर जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच उपलब्ध कराना है।

अधिक से अधिक महिलाओं से पहुंचने की अपील

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने जनपद की सभी महिलाओं से अपील की है कि वे 17 अक्टूबर को अपनी संबंधित तहसील में आयोजित स्पेशल पिंक समाधान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। महिलाएं अपनी समस्याओं और शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर उनका समाधान कराने के साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ भी उठाएं।

प्रशासन की इस पहल से महिलाओं को अपनी शिकायतों के समाधान, सरकारी योजनाओं की जानकारी और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ एक ही मंच पर प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।।