मऊ :
पुलिस का संदेश है—नारी शक्ति का करें सम्मान,तभी बनेगा देश महान।।
●महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर जोर, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जा रहा जागरूक।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ मे महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मऊ पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रही हैं। इस दौरान पंपलेट वितरित कर उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़ और लैंगिक अपराधों से बचाव के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के बारे में जानकारी दी जा रही है। वहीं, छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकारों और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी समझाया जा रहा है।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जा रही जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिसकर्मी महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सहायता 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं और मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सहायता, परामर्श एवं मार्गदर्शन के संबंध में भी बताया जा रहा है।
पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रेरित किया जा रहा है कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा असुरक्षा की स्थिति में वे चुप न रहें, बल्कि बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास
मऊ पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सुरक्षा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
मऊ पुलिस का संदेश है—नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान।
