शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

आजमगढ़ : जाफरपुर जई गांव में पशु चिकित्सा शिविर, 750 पशुओं का हुआ उपचार

शेयर करें:

पशुपालकों को बेहतर देखभाल, टीकाकरण और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी 
  ।। सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
 दो टूक ,आजमगढ़। फूलपुर विकास क्षेत्र के जाफरपुर  जई गांव में शनिवार को पशुपालन विभाग की ओर से पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पशुओं को लेकर पहुंचे। पशु चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद कुल 750 पशुओं का उपचार किया और आवश्यक दवाएं वितरित किया । शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा मण्डल अध्यक्ष फूलपुर रत्नेश बिंद ने फीता काटकर किया। इस दौरान डॉ. आलोक सिंह पालीवाल ने पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित खानपान, साफ-सफाई, समय पर टीकाकरण और मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पशुओं की नियमित देखभाल करने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी। शिविर में 750 पशुओं की जांच कर बीमारियों के अनुसार उपचार किया गया। साथ ही पशुपालकों को सामान्य बीमारियों के लक्षण और प्राथमिक देखभाल के तरीके भी बताए गए, जिससे वे समय रहते पशुओं के स्वास्थ्य पर ध्यान दे सकें। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल ने पशुपालन विभाग की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पशु बीमा, टीकाकरण अभियान और अनुदान योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने पात्र पशुपालकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। पशु चिकित्सा शिविर के आयोजन से क्षेत्र के पशुपालकों में उत्साह देखने को मिला। पशुपालकों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पशुधन के स्वास्थ्य और संरक्षण की दिशा में उपयोगी कदम बताया। इस अवसर पर डॉ. प्रवेश, राम सुरेश, मिथिलेश और अखिलेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।