रविवार, 18 अक्टूबर 2026

मऊ : बेखौफ चोरों ने कोपागंज में एक ही रात दो घरों में की चोरी,गैस सिलेंडर तक नही छोड़ा।||Mau: Fearless thieves stole from two houses in Kopaganj in the same night, not even sparing the gas cylinder.||

शेयर करें:
मऊ : 
बेखौफ चोरों ने कोपागंज में एक ही रात दो घरों में की चोरी,गैस सिलेंडर तक नही छोड़ा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 16 में देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन,  चार्जर और गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। एक ही वार्ड में दो घरों में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ितों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 16 निवासी परमानंद मौर्य के घर में देर रात करीब दो बजे चोर घुस गए। इस दौरान चोरों ने चार्जिंग में लगे मोबाइल फोन और  मोबाइल चार्जर चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने उनके घर के बगल में रहने वाले स्वामीनाथ कनौजिया के घर को निशाना बनाया। वहां से चोर गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए।
बताया जाता है कि रात करीब तीन बजे परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जानकारी ली। पुलिस ने पीड़ितों को कोपागंज थाने पहुंचकर लिखित तहरीर देने को कहा।
एक ही रात दो घरों में चोरी से बढ़ी चिंता
वार्ड नंबर 16 में एक ही रात दो घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है। लोगों को अपने घरों की सुरक्षा को लेकर आशंका सता रही है। वहीं, पीड़ितों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरी गए सामान की बरामदगी और घटना में शामिल चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।