लखनऊ :
सोशल मीडिया पर लूट की फर्जी सूचना फैलाने वाले दो गिरफ्तार।
शराब के नशे में विवाद के बाद लूट की मनगढ़ंत कहानी का आरोप, पुलिस जांच में खुला ।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र में सोशल मीडिया पर ₹9,500 की लूट का वीडियो वायरल होने के बाद मोहनलालगंज पुलिस सक्रिय हो गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच की गई तो ₹9,500 की लूट की सूचना असत्य पाई गई। शराब के नशे में दो युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी घटना को बढ़ा-चढ़ाकर लूट की वारदात के रूप में प्रसारित किया गया। मामले में पुलिस ने विधिक कार्रवाई की है।
विस्तार :
मोहनलालगंज इस्पेक्टर राम बाबू सिंह के अनुसार बीते शनिवार 10 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें ₹9,500 की लूट होने की सूचना दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ग्राम गौरा निवासी उमेश और भूईयादीन के बीच शराब के नशे में अपशब्द कहने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी आपसी विवाद को लूट की घटना बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उमेश पुत्र पूर्णमासी और भूईयादीन पुत्र नरपत उर्फ गदेला, दोनों निवासी ग्राम गौरा, थाना मोहनलालगंज, उम्र 26 वर्ष, को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
