लखनऊ :
शादी का झांसा देकर शोषण करने वाले आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार।।
दो टूक : लखनऊ के थाना काकोरी पुलिस टीम ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और वादिनी की नाबालिग पुत्री से छेड़छाड़ के आरोप में वांछित अभियुक्त ओमप्रकाश सिरवी को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे दबोचा। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को लखनऊ लाया गया है, जहां आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को पीड़िता की शिकायत पर थाना काकोरी में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 270/2026, धारा 69/74 बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
इसी दौरान सर्विलांस सेल से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन राजस्थान के जोधपुर जिले के बिलाड़ा थाना क्षेत्र में मिली। काकोरी पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ ग्राम भावी बस स्टैंड के पास दबिश देकर 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को राजस्थान के बिलाड़ा थाने में दाखिल किया गया। 10 अक्टूबर को बालेसर स्थित न्यायालय से दो दिन का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद पुलिस टीम उसे 12 अक्टूबर को लखनऊ लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के विशेष न्यायाधीश, लखनऊ द्वारा गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल अजय यादव और हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार सोनकर शामिल रहे।
