लखनऊ :
जमीन पर कब्जे का विरोध करना पड़ा भारी,पिता-पुत्र पर हमला,हुए घायल।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज के इमलिहाखेड़ा गांव में जमीन पर कब्जे के विरोध को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि सहन की जमीन पर कब्जे की कोशिश का वीडियो बनाने से नाराज पड़ोसी सगे भाइयों ने अपने साथी के साथ मिलकर पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर फट गए और वे लहूलुहान हो गए। गंभीर रूप से घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि बेटे को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र सिसेंडी के मजरा इमलिहाखेड़ा गांव निवासी पीड़ित अमन कुमार के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब एक बजे पड़ोसी रामदास अपने भाई चौधरी के साथ उनकी सहन की जमीन पर लकड़ी लगाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। अमन ने इसका विरोध किया और घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि इससे नाराज रामदास, चौधरी और उनके साथी कमलेश ने उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से पिटाई कर उसका सिर फोड़ दिया।
बेटे को पिटता देख बीच-बचाव करने पहुंचे पिता सर्वेश कुमार को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। आरोप है कि उनकी लाठी-डंडों से पिटाई की गई और सिर पर ईंट से वार किया गया। घटना के बाद आरोपी दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
परिजन दोनों घायलों को मोहनलालगंज सीएचसी ले गए। यहां डॉक्टरों ने सर्वेश कुमार की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अमन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
●जांच के बाद होगी कार्रवाई।
मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
