लखनऊ :
तेलीबाग में आवारा कुत्ते का आतंक, तीन दिन में 13 लोगों को काटा।।
●महिला और गुमटी संचालक पर हमला, नगर निगम की टीम ने कुत्ते को पकड़ा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग स्थित रमजान नगर में आवारा कुत्ते के हमले से लोगों में दहशत फैल गई। बीते तीन दिनों में कुत्ते ने 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। मंगलवार को महिला रुबीना और गुमटी संचालक रमेश सिंह पर हमला होने के बाद नगर निगम की टीम हरकत में आई। टीम ने मौके पर पहुंचकर कुत्ते को पकड़ लिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
विस्तार :
लखनऊ नगर निगम जोन आठ के खरिका वार्ड तेलीबाग रमजान नगर में आवारा कुत्ते के लगातार हमलों से लोग सहमे हुए थे। मंगलवार को रुबीना घर के बाहर काम कर रही थीं, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्ते से संघर्ष किया और उसे धक्का देकर खुद को बचाने की कोशिश की। इस दौरान उनके हाथ में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें सिविल अस्पताल ले गए, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
इसी दिन गुमटी संचालक रमेश सिंह भी कुत्ते के हमले का शिकार हो गए। रमेश अपनी गुमटी से नीचे उतरे थे, तभी कुत्ते ने उनके पैर में काट लिया। लगातार हो रहे हमलों से इलाके में भय का माहौल बन गया था।
समाजसेवी मोहम्मद इशरार खान और स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीन दिनों के भीतर कुत्ते ने 13 लोगों को काटकर घायल किया। महिला और बुजुर्ग पर हमले की सूचना के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और कुत्ते को पकड़कर ले गई। इसके बाद लोगों ने राहत महसूस की।
