लखनऊ :
निर्माणाधीन महिला बटालियन में गनमैन को बंधक बनाकर डकैती डालने वाले आधा दर्जन बदमाश गिरफ्तार,माल बरामद।।
●पुलिस ने सैकड़ों CCT V कैमरों की फुटेज खंगालकर आगरा से गाजियाबाद तक फैले गैंग का नेटवर्क का खुलासा किया।।
दो टूक : लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के दरोगाखेड़ा स्थित निर्माणाधीन उदा देवी महिला बटालियन परिसर में दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आधा दर्जन बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट का माल एवं नगदी बरामद किया।
बदमाशों ने रात के अंधेरे में स्टोर रूम का ताला तोड़कर 50 बंडल बिजली का तार लूट लिया था। वारदात के दौरान परिसर की सुरक्षा में तैनात गनमैन और उसके साथी को बंधक बनाकर उनकी बंदूक भी छीन ली गई थी।
●विस्तार :
DCP साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 अक्टूबर की रात बदमाश दो चार पहिया वाहनों से थाना सरोजनीनगर क्षेत्र दरोगाखेड़ा स्थित निर्माणाधीन महिला बटालियन परिसर पहुंचे थे। पहले सुरक्षा में तैनात गनमैन और उसके साथी को भयभीत कर बंधक बनाया। इसके बाद स्टोर रूम का ताला तोड़कर वहां रखे बिजली के तार के 50 कार्टून लेकर फरार हो गए। मामले में विकास अवस्थी की तहरीर पर 28 अक्टूबर को सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। दुस्साहसिक घटना के खुलासे के लिए छह पुलिस टीमें गठित की गईं। सर्विलांस सेल को भी लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आस-पास के करीब 120 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से शनिवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आगरा निवासी मनीष सिंह उर्फ मनीष सिसौदिया, राहुल सिंह उर्फ बड्डा, अतुल सिंह और कुलदीप सिंह तथा गाजियाबाद निवासी वकील और महताब के रूप में हुई है।
◆मजदूर बनकर करते थे रेकी, फिर देते थे वारदात को अंजाम।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य निर्माणाधीन और निर्मित भवनों में बिजली, मैकेनिक तथा मजदूरी का काम करने के बहाने पहुंचते थे। इसी दौरान बंद मकानों और परिसरों की रेकी कर चोरी व लूट की योजना बनाते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने महिला बटालियन परिसर में भी इसी तरीके से वारदात की थी। चोरी के तार का कुछ हिस्सा एक अन्य साथी ले गया था, जबकि शेष तार खंडहर में छिपाकर रखा गया था। कई दिनों तक ग्राहक तलाशने के बाद आरोपी चोरी का माल बेचने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
◆थाना गोसाईगंज की वारदात भी खुली।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने गोसाईगंज और सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में भी बिजली के तार चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। फिलहाल सरोजनीनगर और गोसाईगंज के दो मुकदमों का अनावरण किया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश जारी है।
●गिरफ्तार बदमाशों का अपराधिक इतिहास।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष सिंह के खिलाफ पांच, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम को प्रशस्ति पत्र के साथ 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
◆DCP साउथ मोहम्मद मुश्ताक की बाइट --
