लखनऊ :
गांजा तस्कर गिरफ्तार पांच किलो अवैध गांजा बरामद,पुडिया बनाकर था बेचता।।
दो टूक : लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 5 किलो 124 ग्राम गांजा, एक आईफोन-14 प्रो और 200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार :
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन के अंतर्गत गुडम्बा थाना पुलिस 15/16 अक्टूबर की रात टेढ़ीपुलिया चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एमडी पैलेस के पीछे मैदान में एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अभय पटेल (22) पुत्र लक्ष्मी नारायण, निवासी आदिल नगर, कल्याणपुर, थाना गुडम्बा, लखनऊ के रूप में हुई। वह मूल रूप से ग्राम इब्राहिमपुर, थाना तालगांव, जनपद सीतापुर का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 31 पुड़िया और एक अन्य पन्नी में रखा पत्तीदार पदार्थ बरामद हुआ। इसका कुल वजन पॉलिथीन और पुड़िया के कागज सहित 5 किलो 124 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा एक आईफोन-14 प्रो और 200 रुपये नकद भी मिले।
कम दाम पर खरीदकर महंगे दाम पर बेचने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक व्यक्ति से कम कीमत पर गांजा खरीदता था और उसकी पुड़िया बनाकर राह चलते लोगों को अधिक दाम पर बेचता था। उसके मुताबिक, गांजा बिक्री से मिलने वाली रकम से वह अपने शौक पूरे करने के साथ परिवार का खर्च भी चलाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने आईफोन गांजा बेचकर मिले पैसों से खरीदने और बरामद 200 रुपये उसी दिन दो पुड़िया बेचकर मिलने की बात कही है। हालांकि, गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति का नाम-पता वह नहीं बता सका।
गुडम्बा पुलिस ने आरोपी को 16 अक्टूबर को एमडी पैलेस के पीछे मैदान से गिरफ्तार किया। इस मामले में मु0अ0सं0 401/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक सौरव सिंह, उपनिरीक्षक मयंक राय, कांस्टेबल कुलदीप कुमार, राहुल कुमार और संतोष कुमार शामिल रहे।
