लखनऊ :
बेखौफ चोरो ने दिनदहाड़े बंद मकान का ताला-तोड़कर नकदी-जेवर समेत लाखो का माल किया चोरी।।
●सीसीटीवी में बाइक सवार तीन संदिग्ध कैद।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के गौरा स्थित स्पर्श ग्रीन सिटी कॉलोनी में चोरों ने दिनदहाड़े बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर मकान से 40 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वहीं, पास के एक अन्य बंद मकान में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन इंटरलॉक नहीं तोड़ पाने के कारण असफल रहे।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार रायबरेली जनपद के महाराजगंज निवासी ट्रक चालक सूर्यमणि शुक्ला स्पर्श ग्रीन सिटी में मनीष मिश्रा के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ किराये पर रहते हैं। इनके अनुसार बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह परिवार के साथ गोसाईगंज के मोहरीकला स्थित रिश्तेदार के घर गए थे। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान में घुसे और दो कमरों में रखी अलमारियों के लॉक तोड़कर नकदी व जेवरात समेट ले गए।
शाम करीब पांच बजे परिवार के साथ लौटे चालक ने गेट का ताला टूटा और कमरों में सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
इसी कॉलोनी में कुछ दूरी पर स्थित अधिवक्ता रामेंद्र सिंह के बंद मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। गेट का ताला तोड़ने के बाद मुख्य दरवाजे का इंटरलॉक खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े चोरी की सूचना पर इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरु कर दी और मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर के मुताबिक, शुरुआती जांच में कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरों में बाइक से आते तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
