गौतमबुद्धनगर: बैटरी शो और रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 24 अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा में बदलेगा यातायात का रूट!!
एक्सपो मार्ट में प्रतिदिन 10 से 12 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना, यातायात का दबाव बढ़ने पर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर पर लागू होगा डायवर्जन
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले *The Battery Show India-2026* और *Renewable Energy Expo-2026* को लेकर गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दोनों आयोजनों में 22 से 24 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन करीब 10 से 12 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में एक्सपो मार्ट और आसपास के मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
यातायात पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान यातायात का सामान्य संचालन बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। हालांकि, एक्सपो मार्ट गोलचक्कर पर यातायात का दबाव अधिक होने की स्थिति में जरूरत के अनुसार गोलचक्कर को बंद कर वाहनों का डायवर्जन किया जा सकता है।
इन मार्गों से किया जाएगा यातायात डायवर्ट
यातायात दबाव बढ़ने पर गलगोटिया कट से एक्सपो मार्ट गोलचक्कर होकर आईएफएस विला गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहन एक्सपो मार्ट गोलचक्कर से सीधे आगे जाने के बजाय बड़ा गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर होते हुए एलजी गोलचक्कर से जगतफार्म की ओर जाकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
कार्यक्रम में आने वाले वाहन चालक यहां करें पार्किंग
आयोजन में शामिल होने वाले आगंतुकों और वाहन चालकों के लिए नासा ग्राउंड (बड़ा गोलचक्कर) पर बनाई गई वाहन पार्किंग की व्यवस्था का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वाहन चालक अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कर कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
यातायात पुलिस ने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे संभावित यातायात दबाव को देखते हुए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। इससे अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सकेगा।
यातायात संबंधी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए लोग ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर **9971009001**, व्हाट्सऐप नंबर **7065100100** अथवा एक्स (X) हैंडल **@noidatraffic** पर संपर्क कर सकते हैं।
यातायात पुलिस का उद्देश्य आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आम नागरिकों के आवागमन को सुविधाजनक बनाना है।।
