लखनऊ :
तेलीबाग में दबंग ने टाटा पंच कार में तोड़फोड़ का आरोप, विरोध पर गाली एवं जान से मारने की दी धमकी।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित तेलीबाग के गांधी नगर मोहल्ले में गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित आशीष यादव ने मोहल्ले के ही एक युवक पर उनके और उनके बड़े भाई के साथ अभद्रता करने तथा उनकी टाटा पंच कार को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, घटना का वीडियो भी उनके पास उपलब्ध है। मामले में उन्होंने पीजीआई थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
प्राप्त तहरीर के अनुसार, गांधी नगर, तेलीबाग निवासी आशीष यादव पुत्र विजय कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि 4 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे उनकी टाटा पंच कार (नंबर UP32PF3072) मोहल्ले में स्थित उनके एक नातेदार के भवन के पास खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का निवासी राकेश पुत्र सुखदीन कार के पास पहुंचा और आशीष यादव तथा उनके बड़े भाई अभिषेक उर्फ अड्या को कथित तौर पर जोर-जोर से गाली देने लगा।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी दी और उनकी कार में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। आशीष यादव का कहना है कि घटना से संबंधित वीडियो उनके पास मौजूद है, जो मामले में अहम साक्ष्य हो सकता है।
पीड़ित ने 8 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक, थाना पीजीआई को प्रार्थना पत्र देकर मामले का संज्ञान लेने और आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल, यह खबर पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है।
