लखनऊ :
उधारी के 15 हजार रुपये मांगने पर दुकानदार पर जानलेवा हमला, गंभीर चोटें,पीड़ित ने पुलिस पर सुनवाई न करने का लगाया आरोप।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के बदाली खेड़ा में उधारी के करीब 15 हजार रुपये मांगने को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित रोहित कुमार कश्यप का आरोप है कि बकाया रकम चुकाने की बात कहने पर मोहल्ले के कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से की गई पिटाई में उनकी बायीं आंख से खून निकलने लगा और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
विस्तार :
प्राप्त प्रार्थना पत्र के अनुसार, बदाली खेड़ा, जागृति नगर निवासी 36 वर्षीय रोहित कुमार कश्यप ने बताया कि 12 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे उनके भाई राजेश कश्यप की परचून की दुकान पर मोहल्ले के मंगल, नन्दी, शत्रुध्न और आशीष समेत तीन-चार अन्य महिला-पुरुष पहुंचे थे। आरोप है कि सभी लोग उधार राशन मांग रहे थे, जबकि उनके भाई की दुकान पर पहले से करीब 15 हजार रुपये बकाया थे। बकाया चुकाने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया।
रोहित का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपितों ने एकराय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों के साथ उन पर हमला कर दिया। उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान उनकी बायीं आंख से खून निकलने लगा। सिर, सीने, गर्दन, पेट और गुप्तांग में भी चोटें आने की बात प्रार्थना पत्र में कही गई है।
पीड़ित के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद उन्होंने और उनके भाई ने कई बार डायल 112 पर फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और थाने में प्रार्थना पत्र देने की बात कहकर चली गई। रोहित ने बताया कि उन्होंने 13 सितंबर को लोकबंधु अस्पताल की इमरजेंसी में उपचार कराया। इसके बाद 14 और 17 सितंबर को ओपीडी में भी इलाज कराया गया। अपने दावे के समर्थन में उन्होंने मेडिकल पर्चियों और चोटों की तस्वीरों का हवाला दिया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से आरोपी पक्ष उन्हें और उनके परिवार को धमका रहा है तथा शिकायत वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उनका यह भी कहना है कि चौकी और थाने के चक्कर लगाने के बावजूद पहले उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई।
8 अक्टूबर को दिया प्रार्थना पत्र
रोहित कुमार कश्यप ने 8 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक, थाना सरोजनीनगर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, मेडिकल रिपोर्ट और डायल 112 की कॉल रिकॉर्डिंग की जांच कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के साथ पीड़ित ने अस्पताल की पर्चियां, आधार कार्ड की छायाप्रति और चोटों की तस्वीरे पुलिस को सौपी है। सरोजनीनगर पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
