लखनऊ :
बिजनौर में ATM कार्ड फंसाकर टप्पेबाजी, मदद के बहाने खाते से निकाले रुपये।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बिजनौर बाजार में ATM से रुपये निकालने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ATM मशीन में कार्ड फंसने के बाद मदद के बहाने पहुंचे दो युवकों ने उसे गुमराह कर दिया। इसके बाद पीड़ित के मोबाइल पर रुपये निकलने का SMS आया। पीड़ित ने दोनों युवकों पर ATM कार्ड के जरिए खाते से रुपये निकालने का संदेह जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजनौर थाना क्षेत्र के परवर पूरब गांव निवासी अश्विनी पाल 6 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे बिजनौर बाजार स्थित No.1 INDIA ATM पर रुपये निकालने पहुंचे थे। उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया का ATM कार्ड मशीन में डाला, लेकिन कार्ड अंदर ही फंस गया। काफी प्रयास के बावजूद कार्ड बाहर नहीं निकला।
इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और मदद करने की बात कहने लगा। आरोप है कि युवक ने अश्विनी पाल को एक कार्ड दिया, जिस पर लिखे मोबाइल नंबर पर कॉल करने को कहा। पीड़ित ने दिए गए नंबर पर फोन किया तो दूसरी ओर से जवाब मिला कि मैकेनिक के आने में करीब दो घंटे लगेंगे, उसके बाद ATM कार्ड मिल जाएगा।
इसी बीच एक अन्य युवक वहां पहुंचा और अश्विनी पाल से कहा कि उनके भाई का पैर टूट गया है, इसलिए वे पहले उसका इलाज कराएं और बाद में अपना ATM कार्ड ले जाएं। पीड़ित के मुताबिक, जब वह बाद में ATM पर वापस पहुंचे तो दोनों युवक वहां से गायब थे।
6 अक्टूबर को ही उनके मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का SMS प्राप्त हुआ। इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि मदद के बहाने पहुंचे दोनों युवकों ने उन्हें गुमराह कर ATM कार्ड के जरिए खाते से रुपये निकाल लिए हैं।
पीड़ित अश्विनी पाल ने 8 अक्टूबर 2026 को थाना बिजनौर में लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज करने और उचित कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
सावधान रहें : ATM मशीन में कार्ड फंसने पर अनजान व्यक्तियों की मदद लेने से बचें। किसी अनजान व्यक्ति के दिए नंबर पर कॉल करने के बजाय संबंधित बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें और खाते से संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत बैंक को सूचित करें।
