लखनऊ :
रेलवे टेक्नीशियन बना साल्वर हुआ गिरफ्तार,दूसरे अभ्यर्थी की जगह दे रहा था परीक्षा।।
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली हजरतगंज पुलिस ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचे साल्वर को गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर तैनात है और उसने अपने मित्र को नौकरी दिलाने के लिए 10 लाख रुपये में परीक्षा देने की डील की थी। बायोमेट्रिक और आइरिस सत्यापन में गड़बड़ी सामने आने पर उसका फर्जीवाड़ा पकड़ा गया।
विस्तार :
मामला 4 अक्टूबर का है। नेशनल पीजी कॉलेज, ब्लॉक-बी, हजरतगंज में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी शशांक कुमार मिश्रा के नाम से परीक्षा दे रहे व्यक्ति का आइरिस मैच नहीं हुआ। बायोमेट्रिक और आधार सत्यापन में भी संदेह होने पर परीक्षा समाप्त होने के बाद उसे रोककर पहचान पत्र मांगा गया, लेकिन उसने पहचान पत्र देने से इनकार कर दिया।
इसके बाद स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, आयोग के अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना असली नाम जयशंकर त्रिपाठी (37) पुत्र जय प्रकाश त्रिपाठी, निवासी विकासनगर विस्तार, गोरखपुर बताया और स्वीकार किया कि वह अपने मित्र शशांक कुमार मिश्रा की जगह परीक्षा देने आया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शशांक के वोटर आईडी कार्ड पर अपनी फोटो लगाकर कूटरचित पहचान पत्र तैयार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कानपुर देहात में तैनात है। मित्र को नौकरी दिलाने के उद्देश्य से उसकी जगह परीक्षा पास कराने के लिए 10 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तहरीर पर थाना हजरतगंज में मु0अ0सं0 209/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जयशंकर त्रिपाठी को 4 अक्टूबर की रात 11:35 बजे हिरासत में लिया। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
