गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

लखनऊ :लापता किसान की करोड़ की जमीन पर फर्जीवाड़े का खेल,कब्जेदारों पर प्रशासन का शिकंजा।।|Lucknow:A fraudulent scheme involving land worth crores belonging to a missing farmer, with the administration tightening its grip on the encroachers.||

शेयर करें:
लखनऊ :
लापता किसान की करोड़ की जमीन पर फर्जीवाड़े का खेल,कब्जेदारों पर प्रशासन का शिकंजा।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील के सिसेंडी में लापता किसान की बेशकीमती जमीन को कथित फर्जीवाड़े के जरिए बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब आठ बीघा जमीन, जिसकी कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये बताई जा रही है, अब प्रशासनिक कार्रवाई के केंद्र में है। जमीन के कथित फर्जी बैनामे के बाद अब उस पर काबिज लोगों से कब्जा वापस लेने की तैयारी शुरू हो गई है।
विस्तार : 
तहसील मोहनलालगंज क्षेत्र सिसेंडी निवासी लापता किसान सुरेश की जमीन को लेकर आरोप है कि उन्नाव निवासी एक व्यक्ति ने खुद को जमीन का असली मालिक बताकर उसे बेच दिया। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस और तहसील प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार ऋतुराज शुक्ला ने जांच कराई, जिसके बाद संबंधित जमीन को ग्राम सभा के खाते में दर्ज करने की कार्रवाई की गई।
बुधवार को तहसीलदार ने नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम गठित कर जमीन पर कब्जा लेने की जिम्मेदारी सौंपी। टीम को मौके पर जाकर जमीन की स्थिति का जायजा लेने और अभिलेखों के अनुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस पहल से जमीन पर काबिज लोगों में खलबली मची है। अब राजस्व टीम की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं। 
करीब 25 करोड़ रुपये की जमीन के इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि लापता किसान की जमीन की कथित फर्जी बिक्री कैसे हुई और इसके पीछे कौन-कौन शामिल है। जांच और प्रशासनिक कार्रवाई से ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।