लखनऊ :
महिला का पर्स छीनकर भाग रहे युवक ट्रैफिक पुलिसक ने दौड़ाकर पकड़ा,हुआ गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर इलाके में महिला का पर्स छीनकर भाग रहे एक युवक को यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दौड़ाकर युवक को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया पर्स और उसमें रखे दो हजार रुपये बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
विस्तार :
थाना सरोजनीनगर इस्पेक्टर ने बताया कि कृष्णानगर क्षेत्र के आशुतोष नगर निवासी रीना मिश्रा पत्नी स्वर्गीय प्रदीप कुमार मिश्रा बीते 14 अक्टूबर को स्थानीय थाना क्षेत्र पुरानी चुंगी के पास सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक उनका पर्स छीनकर भागने लगा। सरोजनीनगर चुंगी तिराहे पर यातायात ड्यूटी कर रहे मुख्य आरक्षी प्रद्युम्न सिंह और आरक्षी करन सरोज की नजर आरोपी पर पड़ गई। दोनों पुलिस कर्मियों ने साहस दिखाते हुए पीछा किया और उसे दबोचा लिया। इसके बाद आरोपी को सरोजनीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया
पुलिस ने पकड़े गए युवक की पहचान आकाश कुमार भारती (19) पुत्र रमेश कुमार, निवासी गांधीनगर, स्कूटर इंडिया चौराहा, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ के रूप में की है। उसके कब्जे से महिला का छीना गया पर्स और उसमें रखे दो हजार रुपये बरामद किए गए।
पीड़िता की तहरीर और बरामदगी के आधार पर स्थानीय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 393/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) और 317(2) में किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सड़क पर अकेले जा रही महिलाओं को निशाना बनाता था और मौका मिलने पर उनका पर्स छीनकर भाग जाता था। पर्स से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वह अपने शौक और निजी खर्चों के लिए करता था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
