रविवार, 11 अक्टूबर 2026

गोण्डा :पिंडियों के साथ विराजमान हुईं मां दुर्गा,डांडिया नृत्य,भारत माता की झांकी ने मोहा मन।।|Gonda:Mother Durga seated with idols, Dandiya dance, and the tableau of Mother India captivated the hearts.||

शेयर करें:
गोण्डा :
पिंडियों के साथ विराजमान हुईं मां दुर्गा,डांडिया नृत्य,भारत माता की झांकी ने मोहा मन।।
● दुर्गा पूजा पंडाल से निकली गई भव्य शोभायात्रा,जयकारों से गूंजा नगर।
संवाददाता : वीरेन्द्र कुमार
दो टूक : गोंडा जनपद के करनैलगंज में
शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन करनैलगंज नगर में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। कैलाश बाग दुर्गा पूजा पंडाल की ओर से निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गाजे-बाजे और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
विस्तार :
करनैलगंज में नवरात्रि के शुभारंभ पर गायत्री माता मंदिर से कलश शोभायात्रा निकाली गई। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाओं ने मां दुर्गा का गुणगान करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से यात्रा निकाली, जो कैलाश बाग स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर श्रद्धालु ‘जय माता दी’ के जयकारे लगाते रहे। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर अपनी आस्था प्रकट की।
शोभायात्रा में नन्हीं बच्चियों का डांडिया नृत्य विशेष आकर्षण रहा। वहीं, भारत माता की मनमोहक झांकी ने लोगों का ध्यान खींचा। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति से पूरा वातावरण धर्ममय नजर आया। नवरात्रि के पहले दिन आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने नगर के उत्सव में चार चांद लगा दिए।
●पिंडियों के साथ मां दुर्गा के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु।
कैलाश बाग दुर्गा पूजा पंडाल में इस बार मां दुर्गा पिंडियों के साथ विराजमान हुई हैं। मां के इस स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। नवरात्रि के नौ दिनों तक पंडाल में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाएगी।
कलश शोभायात्रा के साथ शुरू हुए नवरात्रि उत्सव ने करनैलगंज में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल बना दिया। आयोजन में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
●शोभायात्रा में नन्हीं बच्चियों का डांडिया नृत्य विशेष आकर्षण रहा।