मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

गोण्डा :करनैलगंज की ऐतिहासिक रामलीला में सजी अदालत, आरोपी को सुनाई फांसी की सजा।।||Gonda:A court was set up in the historic Ramlila of Karnailganj, and the accused was sentenced to death.||

शेयर करें:
गोण्डा :
करनैलगंज की ऐतिहासिक रामलीला में सजी अदालत, आरोपी को सुनाई फांसी की सजा।।
●30 फीट ऊंचे फांसी के तख्ते पर सजीव मंचन बना आकर्षण।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : गोंडा जनपद के करनैलगंज की ऐतिहासिक रामलीला में धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक संदेश देने वाली अनूठी लीला का मंचन किया गया। रामलीला परिसर में पुलिस थाना और अदालत सजाई गई। गवाहों के बयान, वकीलों की जिरह और न्यायाधीश के फैसले के बाद आरोपी को फांसी की सजा सुनाई गई। करीब 30 फीट ऊंचे फांसी के तख्ते पर सजा का सजीव मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे। कलाकारों की प्रस्तुति ने लोगों को खासा प्रभावित किया।
विस्तार :
आयोजित रामलीला में काबुल से आए एक व्यापारी की कहानी के माध्यम से अपराध, पुलिस कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। मंचन के अनुसार, हीरे-जवाहरात और सोने-चांदी के आभूषणों का व्यापार करने पहुंचे व्यापारी के बेटे की बदमाश हत्या कर देते हैं और कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते हैं। घटना के बाद व्यापारी रामलीला परिसर में बनाए गए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराता है।
●अदालत में हुई बहस, सुनाया गया फैसला।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस की भूमिका निभा रहे कलाकार जांच और कार्रवाई करते हुए आरोपी को लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार कर अदालत में पेश करते हैं। इसके बाद मुकदमे की सुनवाई शुरू होती है। अदालत में गवाहों के बयान दर्ज किए जाते हैं और दोनों पक्षों के वकील अपनी-अपनी दलीलें पेश करते हैं। अंत में न्यायाधीश की भूमिका निभा रहे कलाकार आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत फांसी की सजा सुनाते हैं।
इसके बाद करीब 30 फीट ऊंचे फांसी के तख्ते पर सजा का सजीव मंचन किया जाता है। इस दृश्य को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही। पुलिस की कार्रवाई से लेकर अदालत के फैसले और सजा के मंचन तक की पूरी प्रस्तुति ने रामलीला को खास बना दिया।।
●अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश।
रामलीला कमेटी की इस प्रस्तुति के माध्यम से अपराध के दुष्परिणाम और कानून-व्यवस्था के महत्व का संदेश दिया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के जरिए यह दर्शाने का प्रयास किया कि अपराध के मामलों में जांच, गवाही और न्यायिक प्रक्रिया की अहम भूमिका होती है।
करनैलगंज की ऐतिहासिक रामलीला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के निर्वहन के साथ सामाजिक विषयों को भी मंच पर प्रस्तुत करती है। यही विशेषता इसे क्षेत्र के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में विशिष्ट पहचान दिलाती है।