गौतमबुद्ध नगर :
मतदाता सूची से नाम काटने के विरोध में किसान यूनियन का प्रदर्शन,सौपा ज्ञापन।
●पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग, पुलिस-प्रशासन के समझाने के बाद सौंपा ज्ञापन।
।।देव गुर्जर।।
दो टूक : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और पात्र नागरिकों के नाम काटे जाने के विरोध में मोर्चा खोल दिया। जिला अध्यक्ष मनोज मावी के नेतृत्व में किसान नेताओं ने एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में सुधार और काटे गए नामों को दोबारा शामिल करने की मांग उठाई।
विस्तार :
शनिवार, 10 अक्टूबर को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने मतादाता सूची से नाम काटने के विरोध मे जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए पात्र मतादाताओं का नाम बहाल करने की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौपा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष मनोज मावी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर त्रुटियां हैं और कई पात्र नागरिकों के नाम बिना उचित कारण के काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मताधिकार प्रत्येक पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी को भी इससे वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
मनोज मावी ने कहा कि मतदाता सूची से पात्र लोगों के नाम काटे जाने की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि किसी योग्य नागरिक का नाम गलत तरीके से हटाया गया है, तो उसे तत्काल बहाल किया जाए। उन्होंने मतदाता सूची तैयार करने और नाम जोड़ने-काटने की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की मांग की।
इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने और पात्र नागरिकों के नाम पुनः शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है। संगठन ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर किसान यूनियन के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
