मऊ :
नए CDO ध्रुव खाडिया ने संभाला मऊ की कमान,अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा विकास का लाभ।
दो टूक : मऊ 2021 बैच के आईएएस अधिकारी ध्रुव खाडिया ने बुधवार को मऊ के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले वह अयोध्या में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और जौनपुर में सीडीओ के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
दो टूक : कार्यभार संभालते ही सीडीओ ने साफ किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विस्तार : सीडीओ ने कहा कि आमजन की समस्याओं और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के साथ फरियादियों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश दिए।
उन्होंने विकास परियोजनाओं और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने तथा नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करने की बात कही।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सीडीओ ने विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालयीय कार्यप्रणाली और आमजन से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
मनरेगा की भी परखी हकीकत : उपायुक्त श्रम रोजगार कार्यालय के निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने मनरेगा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने अधिकारियों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद के विकास को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनसेवा है और प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को निष्ठा, संवेदनशीलता व जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार राजीव कुमार, स्टेनो सीडीओ जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
