अम्बेडकर नगर :
बेसिक विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता में रामपुर बेनीपुर बना चैंपियन।।
दो टूक : अंबेडकर नगर के टांडा तहसील क्षेत्र स्थित न्याय पंचायत संसाधन केंद्र मुंडेरा के तत्वावधान में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो, नाटक और लोकगीत सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विस्तार :
प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक सुधीर चतुर्वेदी, इरशाद अहमद एवं दिनेश चौरसिया ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। संचालन न्याय पंचायत प्रभारी दिनेश नारायण सिंह ने किया।
50, 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो, नाटक एवं लोकगीत प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालक वर्ग की 50, 100 और 200 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय रामपुर बेनीपुर के मोहम्मद अरहान ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय लंगड़ी पृथ्वीपुर की अंशिका ने 50 और 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी के बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय पुरैनिया तथा बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय रामपुर बेनीपुर की टीम प्रथम रही, जबकि प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर मुंडेरा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में प्राथमिक विद्यालय लंगड़ी पृथ्वीपुर के रक्षत् तथा प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर मुंडेरा की नजमा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
सभी प्रतियोगिताओं में प्राप्त अंकों के आधार पर प्राथमिक विद्यालय रामपुर बेनीपुर ओवरऑल चैंपियन रहा, जबकि प्राथमिक विद्यालय लंगड़ी पृथ्वीपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एआरपी कृष्ण दीपक तिवारी, प्रमोद विश्वकर्मा एवं रणविजय सिंह यादव मौजूद रहे। कृष्ण दीपक तिवारी ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए अन्य बच्चों से भी मेहनत कर अपनी प्रतिभा निखारने का आह्वान किया। न्याय पंचायत प्रभारी दिनेश नारायण सिंह ने शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों से ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता की बेहतर तैयारी करने का अनुरोध किया।
प्रतियोगिता के आयोजन में संयोजक राम सुभाष यादव, अमित कुमार, सुभाष चंद्र, निसार अहमद, वाजिदा तबस्सुम, जेबा खातून, अनिल कुमार, जितेंद्र कुमार, राजेश कुमार मौर्य, लालजीत, प्रदीप कुमार, अवशेष कुमार आदि ने सहयोग किया। पुरस्कार वितरण के बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ। संयोजक राम सुभाष यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
