मऊ :
जिले के नए कप्तान होंगे सर्वेश कुमार मिश्रा,कमलेश बहादुर डीजीपी मुख्यालय हुए संबंध।
आईपीएस अफसरों के तबादले, 11 जिलों के पुलिस कप्तान बदले।
।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 20 आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इनमें 11 जिलों के पुलिस कप्तान भी शामिल हैं।
मऊ के पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर का तबादला करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत, डीजीपी मुख्यालय, लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
तबादला सूची के अनुसार बस्ती, जौनपुर, मुजफ्फरनगर, बलिया, हापुड़, मऊ, गाजीपुर, बाराबंकी, जालौन, बागपत और मथुरा समेत कई जिलों के पुलिस कप्तानों को बदला गया है।
यशवीर सिंह को बस्ती से हटाकर जौनपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि जौनपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी के पद पर तैनात रवीना त्यागी को बाराबंकी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में संजय कुमार को एसएसपी मुजफ्फरनगर के पद से हटाकर सेनानायक, 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज भेजा गया है। ओमवीर सिंह, जो अब तक बलिया के पुलिस अधीक्षक थे, उन्हें बस्ती का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
कुँवर ज्ञानञ्जय सिंह को हापुड़ के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है। वहीं ईरज राजा, जो गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक थे, अब बलिया के नए पुलिस अधीक्षक होंगे।
अर्पित विजयवर्गीय को बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है।
एडीजी स्तर पर भी बदलाव
शासन ने अपर पुलिस महानिदेशक स्तर पर भी जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। ए. सतीश गणेश से अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब वह अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। अपराध शाखा की जिम्मेदारी भगवान एस. श्रीवास्तव को सौंपी गई है। उनके पास तकनीकी सेवाओं की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी।
इन तबादलों के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस प्रशासन की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी। मऊ में भी अब नए पुलिस कप्तान सर्वेश कुमार मिश्रा के सामने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।
