गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: जगत फार्म में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का कड़ा पहरा, डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने किया पैदल गश्त कर निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जगत फार्म में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का कड़ा पहरा, डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने किया पैदल गश्त कर निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा में भीड़भाड़ वाले इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर, संदिग्ध वाहनों की जांच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना बीटा-2 क्षेत्र के जगत फार्म और आसपास के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान डीसीपी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने पर जोर दिया गया।

डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर रोककर उनकी जांच की जाए। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके। साथ ही, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है।