गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर राकेश टिकैत से मिले अशोक भाटी, गुर्जर-जाट सम्मेलन पर भी हुई चर्चा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर राकेश टिकैत से मिले अशोक भाटी, गुर्जर-जाट सम्मेलन पर भी हुई चर्चा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//मुजफ्फरनगर, 29 अक्टूबर 2026। भारतीय किसान यूनियन के केंद्रीय कार्यालय, मुजफ्फरनगर में गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष एवं भारतीय किसान यूनियन के नेता अशोक भाटी ने संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत से मुलाकात की। इस दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों की लंबित समस्याओं, प्राधिकरणों में अटके कार्यों और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, गुर्जर स्वाभिमान रैली की सफलता और आगामी गुर्जर-जाट सम्मेलन के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मुलाकात के दौरान अशोक भाटी ने प्राधिकरण क्षेत्रों में किसानों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों को उठाते हुए कहा कि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए, ताकि उन्हें बार-बार प्राधिकरणों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनके लंबित कार्यों को गति मिल सके।

उन्होंने किसानों की मांगों पर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने और लंबित प्रकरणों का उचित समाधान सुनिश्चित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रखने पर चर्चा हुई।

गुर्जर स्वाभिमान रैली की सफलता पर राकेश टिकैत ने दी बधाई

इस अवसर पर चौधरी राकेश टिकैत ने हाल ही में आयोजित गुर्जर स्वाभिमान रैली की सफलता पर अशोक भाटी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उन्हें राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की। वहीं, अशोक भाटी ने चौधरी राकेश टिकैत को गुर्जर पत्रिका भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

दोनों नेताओं के बीच सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और विभिन्न समुदायों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को लेकर भी चर्चा हुई।

जल्द आयोजित होगा गुर्जर-जाट सम्मेलन

अशोक भाटी ने बताया कि गुर्जर और जाट समाज के बीच आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकता को और मजबूत करने के उद्देश्य से जल्द ही दोबारा गुर्जर-जाट सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक सम्मेलन विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाने, आपसी संवाद बढ़ाने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से दोनों समाजों के बीच एकता और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों और आयोजन को लेकर आगे भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस मुलाकात के दौरान सिंहराज गुर्जर, विपिन तंवर, बलजीत भड़ाना, बिंटू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।।