शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस मुठभेड़: सरिया चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार, एक बदमाश गोली लगने से घायल!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस मुठभेड़: सरिया चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार, एक बदमाश गोली लगने से घायल!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सेक्टर-62 में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप, दो बदमाशों से अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद; निर्माणाधीन साइटों से सरिया चोरी करने का खुलासा

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने 24 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया चौराहे के पास चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद सरिया चोरी करने के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके दो अन्य साथियों को स्कूटर रेहड़े सहित गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी निर्माणाधीन साइटों की रेकी कर वहां से सरिया चोरी करते थे और चोरी का माल गाजियाबाद के एक कबाड़ी को बेच देते थे।

पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को थाना सेक्टर-58 की टीम सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे रुकने के बजाय डी पार्क की ओर तेजी से भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।

पुलिस के अनुसार, डी पार्क के सामने घुमावदार सड़क पर मोटरसाइकिल फिसलने से दोनों आरोपी गिर गए। खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजू सिंह उर्फ राजा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया, जबकि दूसरे आरोपी राहुल सिंह को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अपाचे मोटरसाइकिल, 2,500 रुपये नकद और .315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद किया है। तमंचे के साथ एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, बरामद अपाचे मोटरसाइकिल के संबंध में थाना सेक्टर-20 नोएडा में वर्ष 2022 में चोरी का मुकदमा दर्ज है।

 एक महीने में 15 से 16 बार सरिया चोरी करने का दावा

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों अर्जुन और सुनील के डी पार्क के पीछे स्कूटर रेहड़े के साथ मौजूद होने की जानकारी दी। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे निर्माणाधीन साइटों की रेकी करने के बाद वहां से सरिया चोरी करते थे और उसे गाजियाबाद के एक कबाड़ी को बेच देते थे।

आरोपियों ने पिछले एक महीने में अलग-अलग निर्माणाधीन साइटों से 15 से 16 बार सरिया चोरी करने की बात भी बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खोडा रोड से अर्जुन और सुनील को स्कूटर रेहड़े सहित गिरफ्तार कर लिया।
 राजू सिंह उर्फ राजा को गिरोह का सरगना बता रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राजू सिंह उर्फ राजा इस गिरोह का मुख्य सरगना है। उसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने राजू, राहुल, अर्जुन और सुनील के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों का विवरण भी साझा किया है।

पुलिस के मुताबिक, सरिया चोरी के मामले में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा अपराध संख्या 348/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मुकदमा दर्ज है। वहीं, अपाचे मोटरसाइकिल की चोरी के संबंध में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा अपराध संख्या 494/2022 दर्ज है।
 चारों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, राजू सिंह उर्फ राजा के खिलाफ नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी के प्रयास तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। राहुल सिंह के खिलाफ नोएडा और दिल्ली में चोरी तथा शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं। अर्जुन के खिलाफ नोएडा में सरिया चोरी और हरियाणा के बहादुरगढ़ में चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है, जबकि सुनील के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में सरिया चोरी का मामला दर्ज बताया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। निर्माणाधीन साइटों से चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।