शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में वाहन और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार और एक बाल अपचारी हिरासत में!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में वाहन और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार और एक बाल अपचारी हिरासत में!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नॉलेज पार्क पुलिस ने 11 मोटरसाइकिल, 10 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू किए बरामद, चोरी की बाइक से राहगीरों के मोबाइल छीनने और चोरी करने का आरोप

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें नौ मोटरसाइकिल सही हालत में और दो मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी और मोबाइल छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खंडहर में बना रखा था ठिकाना, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र में नाले के पास स्थित एक पार्क के खंडहर में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ अजय, अनवर उर्फ सूरज और नसीब उर्फ अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, मोबाइल फोन और अवैध चाकू बरामद किए। मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

एनसीआर में करते थे मोटरसाइकिल चोरी, फिर मोबाइल छीनने में करते थे इस्तेमाल

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल राहगीरों के मोबाइल फोन चोरी करने और छीनने की वारदातों में किया जाता था। पुलिस के अनुसार, कुछ घटनाओं को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे अलग कर देते थे और उन्हें राह चलते अज्ञात कबाड़ियों को बेच देते थे।

पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से दो के संबंध में थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर और दिल्ली के थाना भालस्वा में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामदगी के आधार पर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच कर रही है।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। दीपक उर्फ अजय के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में आबकारी अधिनियम और चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा सूरजपुर और दिल्ली के थाना भालस्वा में भी चोरी के मामले दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।

वहीं, अनवर उर्फ सूरज के खिलाफ नॉलेज पार्क और बीटा-2 थानों में आबकारी अधिनियम तथा चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी नसीब उर्फ अहमद के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।

बीएनएस और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(5), 317(4) और 112(2) तथा आयुध अधिनियम की धारा 4/25 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में चोरी की 11 मोटरसाइकिलों के अलावा 10 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस अब बरामद सामान के संबंध में जानकारी जुटाने और चोरी की अन्य वारदातों से आरोपियों के संभावित संबंधों की जांच करने में जुटी है।

बरामदगी एक नजर में

  • चोरी की 11 मोटरसाइकिलें, जिनमें नौ सही हालत में और दो के कटे हुए पुर्जे।
  • विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन।
  • दो अवैध चाकू।

पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी और मोबाइल छिनैती के मामलों की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।।